शिवसेना (यूबीटी) के पूर्व सांसद विनायक राऊत व पुत्र समेत कई लोगों पर जादू-टोना और प्रताड़ना का मामला दर्ज, एक आरोपित गिरफ्तार
मुंबई, शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद
विनायक राऊत, उनके पुत्र गीतेश राऊत तथा कुछ अन्य लोगों के विरुद्ध ठाणे के
कापुरबावड़ी पुलिस थाने में जादू-टोना कराने और प्रताड़ित करने के आरोप
में मामला दर्ज किया गया है। यह शिकायत विनायक राऊत की बहू गिरिजा राऊत की
ओर से दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले में एक तांत्रिक फिरोज शेख को
गिरफ्तार कर लिया है। उसे ठाणे की अदालत ने 14 जुलाई तक पुलिस हिरासत में
भेज दिया है। मामले की जांच कापुरबावड़ी पुलिस कर रही है।
रविवार को
पत्रकारों से बातचीत में गिरिजा राऊत ने आरोप लगाया कि विवाह के बाद उनके
पति गीतेश राऊत उनसे दूरी बनाए रखते थे और वैवाहिक संबंध स्थापित करने से
परहेज करते थे। उनका दावा है कि हनीमून के दौरान भी उनके पति ने उनसे दूरी
बनाए रखी और जब उन्होंने निकट आने का प्रयास किया तो उनके साथ दुर्व्यवहार
किया गया।
गिरिजा राऊत ने यह भी आरोप लगाया कि परिवार ने कथित रूप
से समस्या के समाधान के लिए जादू-टोना और तांत्रिक क्रियाओं का सहारा लिया।
उनके अनुसार, उन्हें एक बाबा के पास ले जाया गया, जहां उनके साथ आपत्तिजनक
व्यवहार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां विभिन्न तांत्रिक क्रियाएं
की गईं, उनके बाल खींचे गए और उन्हें गोमूत्र पीने के लिए भी मजबूर किया
गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन कथित तांत्रिकों के विरुद्ध भी
मामला दर्ज किया है। इनमें से एक आरोपित फिरोज शेख को गिरफ्तार कर लिया
गया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की
जांच कर रही है।
वहीं, पूर्व सांसद विनायक राऊत ने अपने ऊपर लगे
सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उनकी बहू पिछले लगभग तीन
वर्षों से उनके बेटे से अलग रह रही हैं और वर्ष 2022 से पारिवारिक न्यायालय
में भरण-पोषण सहित अन्य मामलों की सुनवाई चल रही है। उनका कहना है कि यदि
शिकायतकर्ता को वास्तव में कोई परेशानी थी, तो उन्हें उसी समय पुलिस में
शिकायत दर्ज करानी चाहिए थी। अब इस समय शिकायत दर्ज कराने के पीछे क्या
कारण हैं, इसका आकलन लोग स्वयं कर सकते हैं।
शिवसेना (यूबीटी) के
वरिष्ठ नेता एवं प्रवक्ता संजय राऊत ने कहा कि यह एक पारिवारिक विवाद है और
इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि
जिस प्रकार यह मामला ठाणे में दर्ज किया गया है, उससे कुछ सवाल अवश्य खड़े
होते हैं।
उधर, भाजपा नेता एवं महाराष्ट्र सरकार में मंत्री गिरीश
महाजन ने कहा कि बहू की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के
बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।
फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए सभी
आरोपों और संबंधित पक्षों के बयानों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना
है कि आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के
आधार पर की जाएगी।














