‘जग वसंत’ जहाज एलपीजी लेकर सुरक्षित पहुंचा गुजरात के कांडला पाेर्ट
कच्छ, मध्य-पूर्व में चल रहे तनाव और ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ के समुद्री मार्ग पर बढ़े खतरों के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है।भारत का ‘जग वसंत’ जहाज एलपीजी लेकर शुक्रवार काे सुरक्षित गुजरात के कंडला पाेर्ट पहुंच गया।
वैश्विक स्तर पर ईंधन सप्लाई प्रभावित होने की आशंका के बीच ‘जग वसंत’ नाम का विशाल एलपीजी कार्गो जहाज आज सुरक्षित रूप से गुजरात के कंडला बंदरगाह पर पहुंचा। इस ‘जग वसंत’ जहाज में लगभग 42,000 से 46,000 मीट्रिक टन लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) लेकर भारत आया है। होर्मुज की खाड़ी में बढ़े सैन्य तनाव के बीच इस जहाज का सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंचना केवल तकनीकी ही नहीं बल्कि भारत की रणनीतिक रूप से भी बड़ी सफलता मानी जा रही है।
जैसे ही यह जहाज कांडला बंदरगाह पर पहुंचा, ताे उससे गैस उतारने की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर ली गई। अधिकारियों के अनुसार, समुद्र में ही छोटे जहाजों में एलपीजी ट्रांसफर करने का काम तेजी से शुरू किया जाएगा, ताकि गैस को विभिन्न बॉटलिंग प्लांट्स तक जल्द से जल्द पहुंचाया जा सके।
पिछले कुछ समय से एलपीजी और पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर लोगों में चिंता और अफवाहें फैल रही थीं। ऐसे समय में इतना बड़ा स्टॉक देश में पहुंचने से बाजार में स्थिरता आएगी और लोगों का भरोसा बढ़ेगा। सरकार की ओर से भी बार-बार आश्वासन दिया जा रहा है कि देश में पर्याप्त ईंधन स्टॉक उपलब्ध है।















