व्यापारी कल्याण दिवस के कार्यक्रम में बैंक्विट हॉल की लिफ्ट टूटकर गिरी, कई बड़े व्यापारी और भाजपा नेता फंसे, मुकदमा दर्ज
कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचे थे विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, सांसद महेश शर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर और विधायक पंकज सिंह
नोएडा, उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल द्वारा पांचवा व्यापारी कल्याण दिवस नोएडा के सेक्टर 51 स्थित वेडिंग विला बैंक्विट हॉल में बृहस्पतिवार की रात को मनाया जा रहा था। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद डॉक्टर महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह सहित भाजपा के कई बड़े-बड़े नेता पहुंचे थे।
कार्यक्रम के समापन के बाद रात के समय खाना चल रहा था। कुछ लोग बैंकट हॉल के ऊपरी मंजिल से खाना खाकर लिफ्ट से नीचे आ रहे थे। तभी अचानक लिफ्ट टूटकर नीचे गिर गई। इस घटना में कई लोग फंस गए जिनमें भाजपा के कुछ नेता भी शामिल थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने इमरजेंसी चाबी से लोगों को लिफ्ट से बाहर निकाला तथा उनकी जान बचाई।
इस घटना में सेक्टर 51 चौकी प्रभारी की शिकायत पर बैंक्विट हॉल के संचालक सहित तीन लोगों के खिलाफ आज सुबह को मुकदमा दर्ज हुआ है। थाना सेक्टर 49 के प्रभारी निरीक्षक ग्राम प्रसाद शर्मा ने बताया कि सेक्टर 51 में स्थित वेडिंग विला बैंक्विट हॉल में बृहस्पतिवार की रात को उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल द्वारा पांचवा व्यापारी कल्याण दिवस का प्रोग्राम आयोजित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि गणमान्य लोगों की उपस्थिति के चलते वहां पर पुलिस ड्यूटी लगी थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली की वेडिंग विला में लगी लिफ्ट में सवार होकर कुछ लोग नीचे आ रहे थे,
तभी लिफ्ट अचानक टूटकर नीचे गिर गई। लिफ्ट में कुछ लोग फंस गए। जिन्हें इमरजेंसी चाबी के द्वारा बाहर निकला गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में कुछ लोगों को मामूली चोट लगी। इस मामले में सेक्टर 51 चौकी प्रभारी आशु चौधरी ने वेडिंग विला बैंक्विट हॉल के संचालक विनोद अरोड़ा, अश्वनी छावड़ा तथा मैनेजर अश्विनी शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 289 के तहत मुकदमा दर्ज करवाया है। जांच में पता चला है कि आरोपियों ने लिफ्ट का मेंटेनेंस नहीं करवाया तथा लिफ्ट मैन की ड्यूटी नहीं लगाई थी।
उनकी उपेक्षा पूर्ण लापरवाही के कारण बड़ी जनमानस की हानि हो सकती थी। कोई बड़ी घटना हो सकती थी। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। वही कार्यक्रम के आयोजक विकास जैन ने बताया कि इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, गौतम बुद्ध नगर के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, पश्चिमी यूपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर सहित भाजपा के कई बड़े नेता पहुंचे थे। लिफ्ट गिरने के समय वरिष्ठ नेतागण कार्यक्रम में भाग लेकर जा चुके थे। लिफ्ट के अंदर कुछ व्यापारी और भाजपा के जिला स्तर के कुछ नेता फंसे हुए थे।