रांची (RANCHI): गोंद कतीरा एक प्राकृतिक गोंद है, जिसे गर्मियों के स्वास्थ्य बर्धक पेय पदार्थ के रूप में उपयोग किया जाता है. यह एक प्राकृतिक खाद्य पदार्थ है, जो एस्ट्रैगलस पौधे की प्रजाति के रस को सुखाकर बनाया जाता है. यह गम ड्रैगन या ट्रैगाकैंथ गोंद भी कहलाता है. सूखने पर यह छोटे, हल्के और थोड़े सख्त टुकड़ों के रूप में दिखाई देता है. इसका रंग आमतौर पर सफेद से हल्के भूरे रंग का होता है. यह बाहर से कठोर और सूखा दिखता है, लेकिन पानी में डालने से यह मुलायम, हल्के और पारदर्शी जेल की तरह फूलने लगता है. इसका हाइड्रेटिंग जेल रूप नमी बनाए रखने और त्वचा की लोच को अंदर से बाहर तक बढ़ाने में मदद करता है.
कैल्शियम, मैग्नीशियम, पोटैशियम से भरपूर
यह हलकी गंध और स्वाद का होता है. नियमित रूप में पेय के रूप में इसका सेवन करने से यह शरीर को ठंडक देता है. साथ ही पाचन शक्ति और एनर्जी भी बढ़ाता है. यह कैल्शियम, मैग्नीशियम, पोटैशियम से भरपूर होता है. इसमें अल्कलॉइड और लगभग 3% प्रोटीन होते हैं.
त्वचा और बालों के लिए उपयोगी
गोंद कतीरा शरीर में नमी बढ़ाता है. फोड़े-फुंसियां होने के पीछे सबसे बड़ा कारण शरीर की गर्मी होती है. इसकी तासीर बेहद ठंडी होती है और यह शरीर की गर्मी को कम करता है. इससे गर्मी के कारण होने वाले मुंहासे, फुंसियां और ब्रेकआउट्स कम होते हैं. इसके एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण त्वचा की जलन को भी शांत करते हैं और कील मुहांसों को दूर करने में बहुत प्रभावी होते हैं. यह शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकालकर पेट को ठंडा रखता है.
सब्जा सीड्स ड्रिंक
कील मुहांसो से लड़ने के लिए गोंद कतीरा और सब्जा सीड्स ड्रिंक काफी फायदेमंद माना जाता है. इसके लिए 1 चम्मच गोंद कतीरा को रात भर थोड़े पानी में भिगो दें ताकि यह फूल जाए. 1 चम्मच सब्जा के बीज आधा घण्टा के लिए थोड़े पानी में भिगो दें.1 गिलास नारियल पानी और थोड़ा सा नींबू का रस या शहद ले लें. एक कांच के कटोरे में गोंद कतीरा के जैल में भीगे हुए सब्जा के बीज डाल दीजिये. अब इसमें नारियल पानी मिलाएं और अंत में नींबू का रस या शहद मिला दें. इस ड्रिंक को आप सुबह दिन के किसी भी समय ले सकते हैं, लेकिन खाली पेट लेने से अच्छे परिणाम मिलेंगे. नियमित रूप से इसका सेवन करने से आपको कुछ ही हफ्तों में अपनी स्किन में फर्क महसूस होने लगेगा.
शरीर को अंदर से डिटॉक्सिफाई करता हैं गोंद कतीरा
गोंद कतीरा को रातभर भिगो लें. सुबह इसमें थोड़ा ठंडा पानी डालें और इसके बाद आधा नींबू का रस मिला लें. इसे आप पी लें. इसके लगातार सेवन से कुछ ही दिनों में असर दिखना शुरू हो जायेगा. ये शरीर को अंदर से डिटॉक्सिफाई करके मुहांसे, झुर्रियों और सनबर्न जैसी समस्याओं को कम करता है. इससे त्वचा कोमल और आकर्षक दिखती है. भीगे हुए गोंद कतीरा के जेल को फेस पैक की तरह सीधे चेहरे लगा लें और आधा घण्टा बाद साफ़ पानी से धो डालें. मुंहासे, दाग-धब्बे और त्वचा की जलन में आराम मिलता है.
एंटी-एजिंग के गुण
गोंद कतीरा में एंटी-एजिंग गुण होते हैं. यह घाव भरने और दाग-धब्बों को कम करने के साथ-साथ पिम्पल्स को भी दूर करता है. इसके अलावा, इसके पोषक तत्व बालों को जड़ों से मज़बूत बना सकते हैं. इसमें मौजूद प्रोटीन, कैल्शियम, मैग्नीशियम और हाइड्रेटिंग गुण स्कैल्प को ठंडक पहुंचाते हैं, बालों का टूटना कम करते हैं और रूखेपन से राहत दिलाते हैं. गोंद कतीरा में मौजूद पोषक तत्व बालों को जड़ों से मजबूत, घना और चमकदार बना सकते हैं. रात भर भीगे गोंद कतीरे को सुबह शर्बत या दूध के साथ लेने से भी बालों को अंदरूनी पोषण मिलता है.















