बॉक्स ऑफिस पर राजा शिवाजी का दबदबा कायम
'राजा
शिवाजी' बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रितेश देशमुख की
इस पीरियड ड्रामा फिल्म को हिंदी और मराठी, दोनों भाषाओं में रिलीज किया
गया था। रिलीज के 6 दिनों के भीतर ही फिल्म को मराठी दर्शकों का जबरदस्त
समर्थन मिला है, जिसकी बदौलत इसने कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ दिए
हैं। अब यह फिल्म मराठी सिनेमा की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म
बन चुकी है।
सैकनिल्क के अनुसार फिल्म ने रिलीज के छठे दिन यानी
पहले बुधवार को 4.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसमें हिंदी संस्करण
से 1.25 करोड़ और मराठी संस्करण से 3 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है।
हालांकि पांचवें दिन के मुकाबले कमाई में हल्की गिरावट दर्ज की गई, क्योंकि
मंगलवार को फिल्म ने 4.90 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके बावजूद फिल्म का कुल
नेट कलेक्शन 48.65 करोड़ रुपये पहुंच चुका है और जल्द ही इसके 50 करोड़
क्लब में शामिल होने की उम्मीद है।
'राजा शिवाजी' ने मराठी सिनेमा
की कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। फिल्म ने नटसम्राट, पवनखिंड, लाई
भारी, कट्यार काळजात घुसली, ठाकरे और टाइमपास जैसी फिल्मों के रिकॉर्ड
तोड़ दिए हैं। अब फिल्म की नजर वेद, बैपन भारी देवा और सैराट के रिकॉर्ड पर
है। फिल्म में जेनेलिया डिसूजा, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन और संजय दत्त
भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।















