बक्सर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, 66.24 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद
बक्सर, बक्सर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को रेलवे सुरक्षा बल
(आरपीएफ) ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए लावारिस बैगों
से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की। बरामद शराब को जब्त कर आगे की
कार्रवाई के लिए जीआरपी बक्सर के हवाले कर दिया गया।
आरपीएफ के
अनुसार, 30 जुलाई को पूर्वाह्न करीब 11:20 बजे ट्रेन संख्या 20802 के
स्टेशन से रवाना होने के बाद प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर नए फुट ओवर ब्रिज
(एफओबी) के समीप चेकिंग के दौरान पांच लावारिस बैग एवं झोले मिले। तलाशी
लेने पर उनमें से ऑफिसर्स चॉइस ब्रांड के कुल 368 टेट्रा पैक बरामद हुए।
बरामद शराब की कुल मात्रा 66.24 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 47,840 रुपये
बताई गई है।
इस कार्रवाई में आरपीएफ टीम के उपनिरीक्षक बी.एस. ओझा,
सहायक उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक उमेश कुमार राय तथा हेड
कांस्टेबल अशोक कुमार शामिल रहे। चूंकि बिहार में शराबबंदी लागू है और
बिहार आबकारी संशोधन अधिनियम के तहत शराब का परिवहन एवं भंडारण दंडनीय
अपराध है, इसलिए बरामद शराब को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। इसके बाद जब्त
सामग्री को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बक्सर को सौंप दिया गया,
जहां बिहार आबकारी संशोधन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई
की जा रही है।















