मणिपुर में हथियार व विस्फोटक बरामद, आरपीएफ/पीएलए कैडर सहित तीन गिरफ्तार
इम्फाल, मणिपुर में सुरक्षा बलों ने गुरुवार को अलग-अलग अभियानों के दौरान हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया, वहीं एक उग्रवादी संगठन के सक्रिय सदस्य समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा शुक्रवार को दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इम्फाल पूर्व जिले के याइंगांगपोकपी थाना क्षेत्र के तहत तुइनोमजांग और सनासाबी जंगल इलाके में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार और अन्य सामग्री बरामद की।
एक अन्य कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने आरपीएफ/पीएलए के कैडर सेराम चिंगलोइबा मैतेई उर्फ टोमेई उर्फ टॉम (27) को इम्फाल पूर्व जिले के लमलाई थाना क्षेत्र स्थित खुराई अंगोम मणिंग लाइकाई स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया।
इसी क्रम में बिष्णुपुर जिले के नंबोल थाना क्षेत्र के मैत्राम इलाके से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान कासिमथाई रोंगमेई (32), निवासी लुआंगचुंग पार्ट-1, नोनी जिला तथा गैखुलुआनलुंग रुआंगमेई (46), निवासी खोंगशांग, नोनी जिला के रूप में हुई है।
गिरफ्तार व्यक्तियों के पास से एक चारपहिया वाहन, लगभग 1.7 किलोग्राम वजनी हेरोइन नंबर-4 के 150 साबुन केस तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।















