ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, एशिया में भी तेजी का रुख
नई दिल्ली, ग्लोबल मार्केट से आज पॉजिटिव (सकारात्मक) संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान जोरदार मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। वहीं एशियाई बाजार में आज आमतौर पर खरीदारी का रुख बना हुआ है।
चिप स्टॉक्स में आई तेजी की वजह से अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान जबरदस्त रिकवरी करने में सफल रहे। चिप स्टॉक्स ने पिछले एक साल से अधिक के समय में सबसे बड़ी इंट्रा-डे मजबूती हासिल की, जिसकी वजह से वॉल स्ट्रीट के सूचकांक तेजी के साथ बंद हुए। एस एंड पी 500 इंडेक्स 121.48 अंक यानी 1.66 प्रतिशत उछल कर 7,437.63 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 681.81 अंक यानी 2.79 प्रतिशत की छलांग लगा कर 25,124.75 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 212.75 अंक यानी 0.41 प्रतिशत की तेजी के साथ 52,420.81 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ कारोबार करने के बाद आखिरी वक्त में हुई बिकवाली की वजह से मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स 0.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 10,897.27 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसके विपरीत सीएसी इंडेक्स ने 0.91 प्रतिशत की मजबूती के साथ 8,485.64 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 151.55 अंक यानी 0.59 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,612.03 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में आज आमतौर पर तेजी का रुख बना हुआ है। एशिया के नौ बाजार में से सात के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि दो सूचकांक गिर कर लाल निशान में आ गए हैं। स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.83 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 5,626.46 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 0.04 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 25,848 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 0.13 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,395 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.39 प्रतिशत की तेजी के साथ 6,210.79 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। कोस्पी इंडेक्स ने आज जबरदस्त छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 790.45 अंक यानी 14.13 प्रतिशत उछल कर 6,384.01 अंक के स्तर पर आ गया है।
ताइवान वेटेड इंडेक्स में भी आज जोरदार तेजी नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 2,930.35 अंक यानी 7.34 प्रतिशत की बढ़त के साथ 42,863.65 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह निक्केई इंडेक्स 2,307.57 अंक यानी 3.73 प्रतिशत की मजबूती के साथ 64,175 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 1.43 प्रतिशत की उछाल के साथ 1,620.98 अंक के स्तर पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.76 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3,833.65 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।















