ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार
नई
दिल्ली, पश्चिम एशिया में युद्ध के थमने या जारी रहने
की बात को लेकर बनी असमंजस की स्थिति के कारण ग्लोबल मार्केट से आज
मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान बड़ी
गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज मजबूती के साथ
कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान
लगातार बिकवाली होती रही। वहीं एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार हो
रहा है।
ईरान द्वारा अमेरिका की ओर से आए युद्ध विराम की शर्तों को
पूरी तरह से खारिज कर देने और अमेरिका की ओर से पांच दिन तक ईरान के पावर
इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला नहीं करने की समय सीमा समाप्ति के करीब पहुंच जाने
की वजह से पिछले सत्र के दौरान अमेरिकी बाजार में डर का माहौल बना रहा। इस
डर की वजह से वॉल स्ट्रीट के सूचकांक पिछले सत्र के दौरान गिरावट के साथ
बंद हुए। हालांकि दिन का कारोबार खत्म होने के बाद अमेरिका द्वारा ईरान के
पावर इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला नहीं करने की समय सीमा को और पांच दिन बढ़ा
देने के बाद डाउ जॉन्स फ्यूचर्स ने आज मजबूती दिखा कर इस ऐलान का स्वागत
किया।
पिछले सत्र के कारोबार में डर के माहौल की वजह से एस एंड पी
500 इंडेक्स 114.74 अंक यानी 1.74 प्रतिशत की गिरावट के साथ 6,477.16 अंक
के स्तर पर बंद हुआ था। इसी तरह नैस्डेक ने 521.74 अंक यानी 2.38 प्रतिशत
की कमजोरी के साथ 21,408.08 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत
किया था। वहीं आज बाजार के मूड में सुधार आने पर डाउ जॉन्स फ्यूचर्स फिलहाल
217.96 अंक यानी 0.47 प्रतिशत की मजबूती के साथ 46,178.07 अंक के स्तर पर
कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के
दौरान लगातार दबाव बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 134.67 अंक यानी 1.35 प्रतिशत
की कमजोरी के साथ 9,972.17 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स
ने 0.99 प्रतिशत टूट कर 7,769.31 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का
अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 344.11 अंक यानी 1.52 प्रतिशत लुढ़क
कर 22,612.97 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में आज
मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ बाजार में से पांच
के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि चार
सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बने हुए हैं। हैंग सेंग इंडेक्स
148.57 अंक यानी 0.59 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,005 अंक के स्तर पर
कारोबार कर रहा है। इसी तरह सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.50 प्रतिशत उछल कर
1,450.24 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा शंघाई कंपोजिट इंडेक्स
0.26 प्रतिशत की छलांग लगा कर 3,899.12 अंक के स्तर पर और स्ट्रेट्स टाइम्स
इंडेक्स 0.22 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,898.62 अंक के स्तर पर कारोबार कर
रहे हैं।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 251 अंक यानी 1.09 प्रतिशत की
कमजोरी के साथ 23,027 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह निक्केई
इंडेक्स 211.65 अंक यानी 0.39 प्रतिशत लुढ़क कर 53,392 अंक के स्तर पर आ
गया है। कोस्पी इंडेक्स में आज बड़ी गिरावट नजर आ रही है। फिलहाल यह
सूचकांक 102.95 अंक यानी 1.92 प्रतिशत फिसल कर 5,357.51 अंक के स्तर पर आ
गया है। इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 409.08 अंक यानी 1.24 प्रतिशत टूट कर
32,928.54 अंक के स्तर पर और जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.80 प्रतिशत की
गिरावट के साथ 7,107.56 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।















