भागलपुर,   बिहार राज्य के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधानसभा विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने बुधवार को विभागीय कार्यालय से प्रदेश के सभी भाजपा जिलाध्यक्षों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक अहम बैठक की। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अभियान के अंतर्गत 'सेवा स्मरण' एवं 'आशीर्वाद' कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक कार्ययोजना और रणनीति बनाई गई।

बैठक के दौरान मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने सभी जिलाध्यक्षों से कार्यक्रमों की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता और बेहतर समन्वय के साथ इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि संगठन मेरे लिए केवल दायित्व नहीं, बल्कि समर्पण और सेवा का संकल्प है। संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के इस अभियान को सफल बनाने के लिए मेरा हर प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

वहीं नवगछिया भाजपा के जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम कुमार ने अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि एक महीने तक चलने वाले इस जनसेवा कार्यक्रम के तहत कुल 25 प्रकार की प्रमुख गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। जिसमें स्वास्थ्य एवं जीवन रक्षा, सामाजिक सरोकार और सेवा, अनाथालय व वृद्धाश्रम यात्रा, अभिलेख पर्यावरण एवं स्वच्छता, युवा और डिजिटल जागरूकता, राष्ट्र और समाज कल्याण आदि शामिल है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और जिले से लेकर बूथ स्तर तक कार्यक्रम को सफल बनाने की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।