जामापुर लूटकांड स्थल पर पहुंचे डीआईजी, शीघ्र गिरफ्तारी का दिया निर्देश
सीवान, जिले के जीरादेई थाना क्षेत्र अंतर्गत जामापुर बाजार में
बुधवार 06 मई को हुई लूट की घटना को लेकर पुलिस महकमा पूरी तरह सक्रिय हो
गया है। गुरुवार को सारण क्षेत्र छपरा के पुलिस उपमहानिरीक्षक ने घटना
स्थल का निरीक्षण किया तथा मामले की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान डीआईजी
नीलेश कुमार ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते
हुए लूटकांड के शीघ्र उद्भेदन और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित
करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष टीम को तकनीकी एवं मानवीय सूचना के
आधार पर कार्रवाई तेज करने को कहा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि
क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत
करने के उद्देश्य से लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। घटना में
शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी
जा रही है। पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि मामले में शामिल
अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।















