ED में निकली 177 पदों पर वैकेंसी, डिप्टी डायरेक्टर और असिस्टेंट डायरेक्टर के पदों पर होगी प्रतिनियुक्ति
नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ED) में अधिकारियों की नियुक्ति को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग ने प्रवर्तन निदेशालय में डिप्टी डायरेक्टर और असिस्टेंट डायरेक्टर के पदों को प्रतिनियुक्ति (Deputation) के आधार पर भरने की प्रक्रिया शुरू की है। विभाग की ओर से जारी भर्ती संबंधी अधिसूचनाओं के अनुसार इन पदों के लिए केंद्र और राज्य सरकारों समेत पात्र संस्थानों के अधिकारियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। डिप्टी डायरेक्टर के पदों के लिए ED के देशभर में स्थित विभिन्न कार्यालयों को शामिल किया गया है। इनमें दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, चंडीगढ़, जयपुर, लखनऊ, पटना, जालंधर, श्रीनगर, बेंगलुरु, कोच्चि, हैदराबाद, गुवाहाटी, अहमदाबाद, गोवा, मदुरै, कालीकट, भुवनेश्वर, रायपुर, सूरत, इंदौर, नागपुर, भोपाल, देहरादून, जम्मू, शिमला, प्रयागराज, रांची, मंगलुरु, विशाखापत्तनम, गंगटोक, अगरतला, कोहिमा-आइजोल, शिलांग, इंफाल और ईटानगर जैसे शहर शामिल हैं। डिप्टी डायरेक्टर पद के लिए All India Services, Central Services, केंद्र या राज्य सरकारों, राज्य पुलिस संगठनों, CBI, RBI और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के पात्र अधिकारी आवेदन कर सकते हैं। अधिकारी के पास संबंधित पद पर नियमित सेवा या निर्धारित स्तर पर आवश्यक अनुभव होना चाहिए। साथ ही मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री और इंटेलिजेंस, जांच, कानूनी कार्य, बैंकिंग, अकाउंट्स, ऑडिट, अभियोजन या वित्तीय मामलों से जुड़ा अनुभव निर्धारित किया गया है। डिप्टी डायरेक्टर पद पे मैट्रिक्स के लेवल-11 में है, जिसमें वेतनमान ₹67,700 से ₹2,08,700 निर्धारित है। इसके अलावा ED में डिप्टी डायरेक्टर स्तर के अधिकारियों को वर्तमान में बेसिक पे के 20 प्रतिशत स्पेशल इंसेंटिव अलाउंस का भी प्रावधान है। डिप्टी डायरेक्टर स्तर के अधिकारी से FEMA, PMLA और Fugitive Economic Offenders Act (FEOA) से जुड़े मामलों में खुफिया जानकारी और जांच की निगरानी एवं समन्वय की अपेक्षा की जाती है। इसके अलावा अधिकारी को विशेष जांच, तकनीकी कार्य और ED निदेशक की ओर से सौंपे गए अन्य महत्वपूर्ण दायित्व भी निभाने पड़ सकते हैं। प्रतिनियुक्ति के लिए आवेदन करने वाले अधिकारी की अधिकतम आयु आवेदन प्राप्त होने की अंतिम तारीख को 56 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। प्रतिनियुक्ति की अवधि सामान्य तौर पर अधिकतम चार वर्ष तक हो सकती है। अधिकारियों को आवेदन उचित माध्यम से भेजना होगा। इसके साथ बायोडाटा, पिछले पांच वर्षों का CR/APAR रिकॉर्ड, विजिलेंस क्लियरेंस, इंटीग्रिटी सर्टिफिकेट, कैडर क्लियरेंस और पिछले 10 वर्षों में लगाए गए बड़े/छोटे दंड का विवरण, यदि कोई हो, देना होगा। अधूरे आवेदन या उचित माध्यम से प्राप्त नहीं हुए आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। राजस्व विभाग की ओर से जारी डिप्टी डायरेक्टर का वैकेंसी सर्कुलर अप्रैल 2026 से मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि में प्राप्त आवेदनों पर आवश्यकता के अनुसार रिक्त पदों को भरा जाएगा। विभाग ने 31 अगस्त 2026 को भी ED में डिप्टी डायरेक्टर और असिस्टेंट डायरेक्टर के पदों को प्रतिनियुक्ति के आधार पर भरने संबंधी प्रविष्टियां जारी की हैं। कई शहरों में होगी तैनाती
कौन कर सकता है आवेदन?
डिप्टी डायरेक्टर का वेतन कितना?
ED में क्या होगी जिम्मेदारी?
अधिकतम उम्र 56 वर्ष
आवेदन के साथ देने होंगे जरूरी दस्तावेज
मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगा सर्कुलर















