बंगाल में फिर गहराया बारिश का खतरा, सप्ताहांत में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी
कोलकाता, पश्चिम बंगाल में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और उत्तर से दक्षिण बंगाल तक लगातार बारिश का दौर जारी है। अलीपुर मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सप्ताहांत में बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है। शुक्रवार के आसपास बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसके प्रभाव से कई जिलों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक वर्षा हो सकती है। कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बुधवार को जारी मौसम विभाग के बयान के अनुसार, मानसूनी अक्षरेखा पंजाब से उत्तर बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है और समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक एक अन्य अक्षरेखा सक्रिय है। पूर्वी बिहार और बांग्लादेश से सटे बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से शुक्रवार तक निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे सप्ताहांत में व्यापक और तेज बारिश होने के आसार हैं।
बुधवार को पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, नदिया और हुगली जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए पीला अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बांकुड़ा, पुरुलिया, पूर्व बर्धमान, झाड़ग्राम, हुगली और नदिया में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
गुरुवार और शुक्रवार को दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
शनिवार से दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर और तेज होने का अनुमान है। उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा झाड़ग्राम में भारी वर्षा हो सकती है। रविवार को दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर में अति भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा उत्तर 24 परगना, कोलकाता, हावड़ा, झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा में भी भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। पूरे क्षेत्र में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
सोमवार को पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली और पश्चिम बर्धमान में भी भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है।
उत्तर बंगाल में बुधवार को दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। गुरुवार से वहां वर्षा की तीव्रता कुछ कम हो सकती है, हालांकि सोमवार तक सभी जिलों में रुक रुक कर बारिश जारी रहने की संभावना है। तेज हवाओं को लेकर पीला अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने बताया कि जुलाई के पहले सप्ताह में भी दक्षिण बंगाल में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 29 जून से 5 जुलाई के बीच कई स्थानों पर मध्यम से भारी तथा कुछ इलाकों में अति भारी वर्षा हो सकती है। 1 जुलाई और 4 जुलाई को सबसे अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है। 29 जून से 3 जुलाई तक गरज चमक और तेज हवाओं की भी आशंका बनी रहेगी।















