शिक्षक दिवस पर शुभेंदु अधिकारी ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को दी श्रद्धांजलि
कोलकाता, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शिक्षक
दिवस के अवसर पर भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान दार्शनिक एवं भारत रत्न
डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शनिवार सुबह
सोशल मीडिया पर संदेश साझा कर डॉ. राधाकृष्णन को नमन किया और सभी
शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
मुख्यमंत्री
शुभेंदु अधिकारी ने अपने संदेश में कहा कि एक आदर्श शिक्षक केवल
पाठ्यपुस्तकों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि अंधकार के बीच प्रकाश का मार्ग
दिखाते हैं। वे विद्यार्थियों को सपने देखना सिखाते हैं तथा गलतियों से
सीखकर आगे बढ़ने का साहस प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षक
का प्रेम, अनुशासन, प्रेरणा और आशीर्वाद ही आने वाले समय के व्यक्ति और
समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जीवन में व्यक्ति चाहे
कितनी भी ऊंचाई तक पहुंच जाए, उसकी सफलता के पीछे किसी न किसी शिक्षक का
योगदान जुड़ा रहता है और उस ऋण को कभी चुकाया नहीं जा सकता।
भारत
के महान दार्शनिक और राजनेता डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्म 5 सितंबर
1888 को हुआ था। उन्होंने 1962 से 1967 तक भारत के दूसरे राष्ट्रपति और
1952 से 1962 तक पहले उपराष्ट्रपति के रूप में सेवा दी। शिक्षा और दर्शन के
क्षेत्र में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके सम्मान में प्रतिवर्ष 5
सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षक दिवस
के अवसर पर जीवन को दिशा देने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रति आंतरिक
सम्मान, कृतज्ञता और प्रणाम व्यक्त करते हुए सभी को शिक्षक दिवस की
शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने अपने संदेश के अंत में कहा कि शिक्षक ही राष्ट्र के भविष्य के निर्माण के मौन वास्तुकार हैं।















