सिलीगुड़ी,  न्यू फरक्का के पास रेलवे ट्रैक पर धंसान के कारण उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल के बीच रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं। कई ट्रेनों के रद्द होने और परिचालन बाधित होने के बाद यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। इसी बीच निजी बस संचालकों पर मनमाना किराया वसूलने के आरोप लगे हैं। यात्रियों का दावा है कि कुछ मार्गों पर सामान्य किराये से 3,000 से 6,000 रुपये तक अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं।

शिकायतें सामने आने के बाद राज्य सरकार ने यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त सरकारी बसें सड़क पर उतारने की तैयारी की है। पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने कहा कि यात्रियों की जरूरत के अनुसार जितनी बसों की आवश्यकता होगी, उतनी बसें उपलब्ध कराई जाएंगी।

परिवहन विभाग के राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन ने भी कहा कि निजी बसों में कथित तौर पर लिए जा रहे अतिरिक्त किराये पर रोक लगाने के लिए विभाग प्रयास कर रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि रेल सेवा बाधित होने के कारण उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल के यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सिलीगुड़ी के तेनजिंग नॉर्गे बस स्टैंड पर करीब 35 से 40 सरकारी बसें तैयार रखी गई हैं। इनमें से कुछ बसें यात्रियों की जरूरत को देखते हुए पहले ही रवाना की जा चुकी हैं। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बसों को भी सेवा में उतारा जाएगा।

स्थिति का जायजा लेने के लिए पर्यटन एवं संसदीय कार्य मंत्री शंकर घोष, परिवहन विभाग के राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन, सिलीगुड़ी के एसडीओ विकास रुहेला सहित प्रशासन के अन्य अधिकारी शुक्रवार रात सिलीगुड़ी जंक्शन पहुंचे। मंत्रियों और अधिकारियों ने स्टेशन पर यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानी और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

शंकर घोष और आनंदमय बर्मन ने कहा कि यात्रियों की मांग के अनुसार बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। कोलकाता के लिए 35-40 सरकारी बसें तैयार रखी गई हैं और जरूरत पड़ते ही उन्हें सेवा में लगाया जाएगा। इनमें से कई बसें पहले ही कोलकाता के लिए रवाना हो चुकी हैं।

इस दौरान दोनों मंत्रियों ने तृणमूल कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार के दौरान ऐसी स्थिति पैदा होने पर राज्य सरकार की ओर से इस तरह की तत्परता देखने को नहीं मिलती।