खड़गपुर,  वरिष्ठ भाजपा नेता एवं खड़गपुर सदर के प्रत्याशी दिलीप घोष ने घुसपैठ और अवैध मतदाताओं के मुद्दे पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा प्रहार किया है। रविवार सुबह खड़गपुर में मॉर्निंग वॉक के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जब ममता बनर्जी विपक्ष की नेता थीं, 


तब वह स्वयं स्वीकार करती थीं कि घुसपैठियों के कारण बंगाल ही नहीं बल्कि पूरे देश की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है। दिलीप घोष ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर ममता बनर्जी के पुराने बयान का उल्लेख करते हुए उन्हें घेरते हुए कहा कि सत्ता में आने के बाद उनका रुख पूरी तरह बदल गया है।

उन्होंने कहा कि उस समय ममता बनर्जी का आरोप था कि बाहरी लोग राज्य में आकर फर्जी वोटर कार्ड बनवा रहे हैं और असली मतदाताओं के अधिकारों पर कब्जा कर रहे हैं। लेकिन आज सत्ता में आने के बाद उनका रुख पूरी तरह बदल गया है।

दिलीप घोष ने कहा कि केवल अपने वोट बैंक को बनाए रखने के लिए अब ममता बनर्जी घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई का विरोध कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री सड़कों पर उतरकर धरना दे रही हैं और मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच रही हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि सत्ता की राजनीति के कारण ममता बनर्जी की दोहरी नीति जनता के सामने उजागर हो चुकी है और राज्य की जनता सब देख रही है।