फायरिंग का खुलासा, दो गिरफ्तार
गढ़वा, गढ़वा जिले श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के नरखोरिया कला गांव में हुए फायरिंग का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना के एक घंटे के भीतर वारदात में शामिल अपराधी संदीप कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा, एक जिंदा गोली, एक खोखा, मोबाईल फोन, बैग, बाईक एवं लड़की का रेडमी मोबाईल फोन बरामद किया है।
एसडीपीओ सत्येन्द्र नारायण सिंह ने रविवार को बताया कि यह मामला प्रेमप्रसंग से जुड़ा हुआ है। उमेश मेहता को गोली मारने के पीछे शादी तुड़वाना था। शनिवार दोपहर श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के नरखोरिया कला निवासी उमेश मेहता अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी एक युवक सिगरेट मांगने के बहाने आया और अचानक उनपर गोली चला दी थी। गोली उनके बायें बांह में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये थे।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुये आरोपित का पीछा कर गढ़वा थाना क्षेत्र के बोंगासी गांव के पास से पकड़ा। आरोपित की गिरफ्तारी में श्री बंशीधर नगर के मिठू जायसवाल की सराहनीय भूमिका रही है।
इस कार्रवाई में उनके साथ श्री बंशीधर नगर के थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। गिरफ्तार युवक की पहचान संदीप कुमार सिंह के रूप में हुई। वह बोकारो के बीएसटीसी थाना अंतर्गत सेक्टर टू डी क्वार्टर नंबर 16 का रहने वाला है।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ में पता चला कि संदीप का भवनाथपुर थाना क्षेत्र के बुका गांव की रहने वाली लड़की से लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों के बीच मोबाईल एवं इंस्टाग्राम से बातचीत होती थी तथा दोनों अक्सर एक दूसरे से मिलते जुलते थे। इसी बीच लड़की की शादी उमेश मेहता के बड़े पुत्र अभय मेहता से सेट हो गई थी। लेकिन लड़की अभय से शादी नहीं करना चाह रही थी। दोनों ने मिलकर शादी रुकवाने के लिये खौफनाक साजिश रची। योजना के तहत संदीप 27 मार्च को बाईक से गढ़वा पहुंचा और अगले दिन 28 मार्च को युवती की ओर से बताये गये लोकेशन पर जाकर घटना को अंजाम दिया।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर पुलिस ने साजिश रचने वाली उक्त युवती को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।














