झारखंड में कहीं तेज धूप, तो कहीं बारिश, 31 मार्च और 2 अप्रैल को येलो अलर्ट
रांची, राजधानी रांची सहित झारखंड के विभिन्न जिलों में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आ रहा है। कहीं तेज धूप से गर्मी का असर है, तो कहीं बारिश के कारण लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है। पिछले दो-तीन दिनों तक रांची में हुई बारिश के बाद अब तेज धूप निकल रही है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में अभी भी बारिश की स्थिति बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में राज्य के कई इलाकों में गर्जन के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है। 31 मार्च को उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर लगभग पूरे राज्य में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 2 अप्रैल को दक्षिणी जिलों और उससे सटे मध्यवर्ती क्षेत्रों में गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इसके साथ ही इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे अधिक रहा, जबकि गुमला में न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रविवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से मौसम साफ रहा और तेज धूप खिली रही, जिससे दोपहर में लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। रांची में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अन्य प्रमुख शहरों की बात करें, तो जमशेदपुर में अधिकतम 34.3 और न्यूनतम 24.4 डिग्री, डाल्टनगंज में 36.8 और 20.7 डिग्री, बोकारो में 33.5 और 20.6 डिग्री, चाईबासा में 36.4 और 22.6 डिग्री, खूंटी में 32.2 और 18.5 डिग्री, लोहरदगा में 31.7 और 18 डिग्री, लातेहार में 28.2 और 17.7 डिग्री, सरायकेला में 33.5 और 22.5 डिग्री, पाकुड़ में 26.6 और 19.7 डिग्री तथा गुमला में 33.4 और 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम के इस बदलते रुख को देखते हुए विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने, विशेषकर तेज हवा और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।














