पश्चिम मेदिनीपुर,   जिले के बेलदा स्थित बेलदा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में पहली बार सफलतापूर्वक सर्जरी की गई। मंगलवार को अस्पताल में हर्निया ऑपरेशन के साथ सर्जरी सेवा की औपचारिक शुरुआत हुई।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, जनरल सर्जन डॉ. संदीप चटर्जी की देखरेख में यह ऑपरेशन किया गया। नारायणगढ़ के रायपुर क्षेत्र निवासी बिमल दास (55) का सफल हर्निया ऑपरेशन किया गया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि पहले दिन का ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में प्रक्रिया पूरी की गई।

हाल ही में अस्पताल को डीडीओ कोड मिलने के बाद इसे सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में मान्यता मिली है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। कई विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति भी की गई है।

अस्पताल में अब सामान्य ऑपरेशन शुरू होने से मरीजों को इलाज के लिए खड़गपुर और मेदिनीपुर जाने की जरूरत कम होगी, जिससे रेफर मामलों में भी कमी आएगी।

मंगलवार देर शाम क्षेत्र के विधायक रमाप्रसाद गिरी ने बताया कि स्थानीय लोगों की मांग के अनुसार अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में और डॉक्टरों की नियुक्ति तथा अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि फिलहाल प्रत्येक मंगलवार और बुधवार को अपेंडिक्स, हाइड्रोसिल, पाइल्स, गॉलब्लैडर और हर्निया जैसी सर्जरी की जाएगी। भविष्य में सुविधाएं बढ़ने के साथ अन्य ऑपरेशन भी शुरू किए जाएंगे।