26 जून को भाजपा मनाएगी संविधान हत्या दिवस, मंत्री एके शर्मा होंगे मुख्य अतिथि

प्रयागराज,  भारतीय जनता पार्टी द्वारा 26 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी बुधवार को भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक अवधेश गुप्ता ने दी। बताया कि काशी प्रान्त में संविधान हत्या दिवस का आयोजन काशी एवं प्रयागराज में किया जा रहा है। प्रयागराज में यह कार्यक्रम 26 जून को अपराह्न 3 बजे जिला पंचायत सभागार में सम्पन्न होगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता करेंगे, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि 25 जून 1975 को लगाया गया आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय था। उस दौरान संविधान की मूल भावना, नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर गंभीर प्रहार किया गया। संविधान हत्या दिवस का आयोजन लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने तथा नई पीढ़ी को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सभी लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करती है। संविधान हत्या दिवस के माध्यम से देशवासियों को उस दौर की वास्तविकताओं से अवगत कराया जाएगा, ताकि लोकतंत्र की मजबूती और संविधान की गरिमा के प्रति समाज में जागरूकता बनी रहे।

भाजपा पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से सहभागिता करने का आह्वान किया है।

झारखंड की ताज़ा खबरें