गणेश चतुर्थी पर खूनी विवाद, चेन्नई में युवक की मौत और डिंडीगुल में किसान की हत्या
चेन्नई, तमिलनाडु में गणेश चतुर्थी उत्सव के दौरान अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हाे गई। चेन्नई के रामापुरम स्थित वेंकटेश्वरा नगर में गणेश प्रतिमा जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच हुई झड़प में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, डिंडीगुल जिले में गणेश प्रतिमा स्थापित करने को लेकर हुए विवाद के बाद एक किसान की हत्या कर दी गई।
चेन्नई के रामापुरम स्थित वेंकटेश्वरा नगर में गणेश चतुर्थी के अवसर पर बीते साेमवार को गणेश प्रतिमा का जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान जुलूस को पूरे इलाके में ले जाने की मांग को लेकर दो पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों समूहों के बीच मारपीट हो गई।
झड़प के दौरान श्रीनिवासन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान 15 सितंबर को उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव और शोक का माहौल है।
रामापुरम पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आनंद नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की है। इसके अलावा, झड़प में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए भी जांच की जा रही है।
इसी बीच डिंडीगुल जिले के कुजिलियामपाराई तालुक के रामगिरी के पास बोम्मनायक्कनपट्टी में भी गणेश चतुर्थी के दौरान विवाद के बाद एक किसान की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 47 वर्षीय बोम्मन के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि 13 सितंबर को पैतृक गांव में गणेश प्रतिमा स्थापित करने को लेकर बोम्मन का गांव के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस उन्हें कुजिलियामपाराई थाने ले गई, जहां बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया।
बातचीत समाप्त होने के बाद बोम्मन करुवाडु नायक्कनूर स्थित अपनी तीसरी पत्नी के घर के लिए रवाना हुए, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचे। बाद में पुलिस और उनके परिजनों को सूचना मिली कि मुष्टकिनत्तुपट्टी इलाके में बोम्मन मृत अवस्था में पड़े हैं और उनके शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर खून के घाव हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बोम्मन की हत्या किन परिस्थितियों में हुई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।
पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों की पहचान और घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।














