रांची (RANCHI): कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार को निर्माणाधीन गोदाम का शेड गिर गया। इस हादसे में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है। मलबे से 29 लोगों को बाहर निकाला गया है। इनमें नौ लोग की मौत हो चुकी है, जबकि 20 लोग अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को विधानसभा में घटना का पूरा ब्यौरा देते हुए कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, घायलों को एक लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती है।
उपचाराधीन 20 लोगों में 15 की स्थिति स्थिर
मुख्यमंत्री शुभेंदु के अनुसार, उपचाराधीन 20 लोगों में 15 की स्थिति स्थिर है। चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि एक व्यक्ति की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और सेना के जवान लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। बचाव दलों ने आशंका जताई है कि मलबे में अभी कुछ और लोग फंसे हो सकते हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन घायलों की स्थिति बातचीत करने लायक थी, उनसे हादसे के संबंध में जानकारी ली गई है। उन्होंने कहा कि मृतकों के जीवन की भरपाई किसी आर्थिक सहायता से नहीं की जा सकती, लेकिन सरकार पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग देगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृत श्रमिकों के परिजनों के लिए दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, ''कल (बुधवार) कोलकाता में हुई दुर्घटना बेहद दुखद है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को पीएमएनआरएफ की ओर से 2 लाख रुपये प्रति व्यक्ति की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। मोदी ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही है।
क्या है घटना?
उल्लेखनीय है कि कोलकाता के तारातला इलाके में ब्रेस ब्रिज के पास निर्माणाधीन गोदाम की छत ढहने से बड़ा हादसा हो गया। कल तीन मंजिला निर्माणाधीन चाय गोदाम की तीसरी मंजिल की छत की ढलाई के दौरान अचानक ढांचा भरभराकर गिर पड़ा। मलबे के नीचे कई मजदूर दब गए। हादसे में अबतक 9 लोगों की मौत और कई अन्य घायल हैं।











.jpeg)



