ब्रिक्स महिला मंत्रीस्तरीय बैठक की 8‑9 जुलाई को, भारत करेगा मेजबानी
रांची (RANCHI): भारत 8‑9 जुलाई को केरल के कोच्चि में ब्रिक्स महिला मंत्रीस्तरीय बैठक की मेजबानी करेगा। यह बैठक इस साल भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता में हो रही है। इसमें ब्रिक्स सदस्य देशों के मंत्री और प्रतिनिधिमंडल प्रमुख शामिल होंगे, जो महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाने और समावेशी, लचीले तथा सतत विकास के साझा संकल्प को दोहराएंगे।
मंत्रीस्तरीय बैठक में प्रस्तावित परिणामों पर चर्चा होगी
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अनुसार भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता चार स्तंभ लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता पर आधारित है। ब्रिक्स महिला ट्रैक को इन्हीं आयामों में महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाने के लिए संरचित किया गया है। यह बैठक 6‑7 जुलाई को हुई ब्रिक्स महिला कार्य समूह बैठक के बाद आयोजित की जा रही है, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों ने प्राथमिक क्षेत्रों पर विस्तृत विचार‑विमर्श किया। मंत्रीस्तरीय बैठक में प्रस्तावित परिणामों पर चर्चा होगी और सदस्य देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए रणनीतिक दिशा तय की जाएगी।
बैठक में महिलाओं की नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने, आर्थिक अवसरों का विस्तार करने, डिजिटल और वित्तीय समावेशन को मजबूत करने, उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और जलवायु कार्रवाई, खाद्य सुरक्षा और पोषण में महिलाओं के योगदान को मान्यता देने पर उच्चस्तरीय संवाद होगा।
विकास की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनी भी लगेगी
कार्यक्रम के दौरान भारत में महिला‑नेतृत्व वाले विकास की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनी भी लगेगी। ग्रामीण विकास, एसटीईएम, पोषण और शिक्षा जैसे विविध क्षेत्रों में भारत की उपलब्धियां प्रदर्शित की जाएंगी। साथ ही एक पूर्ण सत्र और विषयगत पैनल चर्चाएं होंगी, जिनमें विशेषज्ञ, नीति‑निर्माता और प्रैक्टिशनर शामिल होंगे। यह अनुभव साझा करने, नवाचारी दृष्टिकोणों पर चर्चा करने और महिला सशक्तिकरण के लिए साझेदारी को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान करेगा।















