टाटा स्टील फाउंडेशन और सूरी फाउंडेशन की बढ़ी साझेदारी
पूर्वी सिंहभूम, ।टाटा स्टील फाउंडेशन (टीएसएफ) और अमेरिका के मिशिगन स्थित गैर-लाभकारी संस्था सूरी सेवा फाउंडेशन (एसएसएफ) ने टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट (टीएसटीआई), बर्मामाइंस में संचालित सूरी सेवा फाउंडेशन अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार कार्यक्रम को अगले चार वर्षों के लिए बढा दिया है। अप्रैल 2026 से प्रभावी इस समझौते के तहत 18.5 लाख रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है। इसका उद्देश्य तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
वर्ष 2020 में शुरू हुए इस कार्यक्रम के माध्यम से अब तक 33 मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जा चुका है। यह पहल विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और उत्कृष्टता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
नई साझेदारी के तहत प्रत्येक वर्ष टीएसटीआई के मेकाट्रॉनिक्स तथा इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के सात विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें प्रतिष्ठित स्कॉलर ऑफ द ईयर अवार्ड के साथ दोनों पाठ्यक्रमों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार दिए जाएंगे। यह सम्मान टाटा स्टील के दो समर्पित पूर्व कर्मचारियों स्वर्गीय सरदार निरंजन सिंह और स्वर्गीय सरदार अमरजीत सिंह की स्मृति में प्रदान किए जाते हैं।














