अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे झारखंड के अधिकारी
रांची (RANCHI): झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और गढ़वा के उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुद कुमार झा रांची में आयोजित होने वाले दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में अपना शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे। 2 और 3 सितंबर को आयोजित होने वाले इस सम्मेलन का आयोजन भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (झारखंड) की ओर से किया जा रहा है। इस सम्मेलन में देश-विदेश के निर्वाचन विशेषज्ञ, विद्वान, शोधकर्ता और पत्रकार हिस्सा लेंगे। झा को इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर शोध पत्र प्रस्तुत करने के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, चुनाव आयोग, झारखंड द्वारा औपचारिक पत्र भेजकर आमंत्रित किया गया है।
कुमुद कुमार झा के शोध पत्र का मुख्य विषय
मतदाता रजिस्टर एवं सरल पंजीकरण विधि से लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी द्वारा युवाओं का सशक्तिकरण" विषय पर आधारित है। अपने शोध पत्र के अनुमोदित होने पर खुशी व्यक्त करते हुए झा ने कहा कि यह युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर है। उल्लेखनीय है कि कुमुद झा भारत निर्वाचन आयोग के नेशनल लेवल मास्टर ट्रेनर के रूप में भी सेवाएं दे रहे हैं। इस भूमिका के तहत वे आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और झारखंड सहित विभिन्न राज्यों के निर्वाचन अधिकारियों, आरओ और एआरो को चुनावी प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दे चुके हैं। इससे पूर्व भी वे निर्वाचन से जुड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भाग ले चुके हैं।
संक्षिप्त परिचय
मूल निवासी: कोनबीर, बसिया प्रखंड (गुमला)
प्रारंभिक शिक्षा: ठेठाई टांगर और सिमडेगा
पूर्व प्रशासनिक अनुभव: तोरपा और सोनाहातू में बीडीओ , पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में सचिव
वर्तमान पद: उप निर्वाचन पदाधिकारी, गढ़वा।













