धनबाद,   पुलिस ने धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र से तीन दिनों से लापता 28 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका हुआ बरामद किया है। शव पूरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं मृतक के परिजनों ने हत्या कर शव को खुदकुशी का रूप देने का आरोप लगाया है।

मामला गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बड़ा नावाटांड आमाघाटा जोरिया के समीप का है। शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने पेड़ से लटका शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पहचान अकबर अंसारी के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार अकबर अंसारी बीते 16 जून से अचानक लापता था। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने गोविंदपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। तीन दिनों से पुलिस और परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन शुक्रवार को उसका शव मिलने से परिवार में मातम पसर गया।

बताया जा रहा है कि अकबर अंसारी टाइल्स लगाने का काम करता था और पिछले कुछ दिनों से आमाघाटा इलाके में एक नवनिर्मित भवन में काम कर रहा था। शव मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों और हुलिए के आधार पर उसकी पहचान की।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि अकबर की हत्या कर शव को छुपाने के बाद उसे पेड़ से लटका दिया गया, ताकि घटना को खुदकुशी का रूप दिया जा सके। उन्होंने नवनिर्मित भवन के मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद गोविंदपुर थाना के एएसआई संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, धनबाद भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि युवक की मौत हत्या है या खुदकुशी, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।