खूंटी,   मोहर्रम के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर पुलिस अधीक्षक खूंटी की अध्यक्षता में मंगलवार को उनके कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मोहर्रम के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन करने, पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही असामाजिक एवं शरारती तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा।

समीक्षा के क्रम में सभी ताजिया एवं जुलूसों का विधिवत सत्यापन करने तथा आयोजकों एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ नियमित संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि प्रशासन की ओर से निर्धारित सभी शर्तों एवं दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

उन्होंने कहा कि जिला पुलिस मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सदैव तैयार रहने का निर्देश दिया गया।

बैठक में किसी भी संभावित आपात स्थिति से त्वरित एवं प्रभावी ढंग से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) एवं पुलिस नियंत्रण कक्ष को पूर्ण रूप से सक्रिय रखने का भी निर्देश दिया गया।