दिव्येंदु लेकर आ रहे हैं वेटिंग है, ट्रेन टिकट स्कैम की कहानी से उठेगा पर्दा
बॉलीवुड
अभिनेता दिव्येंदु इन दिनों 'मिर्जापुर: द मूवी' को लेकर चर्चा में हैं।
इसी बीच उनकी नई वेब सीरीज 'वेटिंग है' का ऐलान हो गया है और इसका आधिकारिक
टीजर भी जारी कर दिया गया है। सीरीज का निर्देशन समीर विद्वांस ने किया
है, जो 'सत्यप्रेम की कथा' के लिए जाने जाते हैं। इसका निर्माण जियो
स्टूडियो ने किया है। सीरीज में दिव्येंदु के साथ यशपाल शर्मा, भुवन
अरोड़ा, कुमुद मिश्रा, हर्षिता गौर और विजय मौर्या जैसे कलाकार भी अहम
भूमिकाओं में नजर आएंगे।
टीजर में दिव्येंदु रेलवे पुलिस ऑफिसर सुगम
मिश्रा के किरदार में दिखाई देते हैं। कहानी की शुरुआत ट्रेन टिकट को लेकर
होने वाली मारामारी से होती है। इसमें दिखाया गया है कि महीनों पहले टिकट
बुक कराने के बावजूद आम यात्री किस तरह 'वेटिंग' में फंसा रह जाता है। इसके
बाद कहानी रेलवे टिकट व्यवस्था के उस पहलू की ओर बढ़ती है, जहां आम
यात्रियों की परेशानी के पीछे एक बड़े काले कारोबार की परतें खुलती नजर आती
हैं।
'वेटिंग है' की कहानी भारतीय रेलवे के तत्काल टिकट बुकिंग
सिस्टम और उसके पीछे चल रहे कथित बड़े काले कारोबार पर केंद्रित है। टीजर
से संकेत मिलता है कि दिव्येंदु का किरदार इस पूरे नेटवर्क की पड़ताल करता
नजर आएगा। निर्माताओं ने फिलहाल सीरीज की रिलीज तारीख का ऐलान नहीं किया
है। इसका प्रीमियर अमेजन एमएक्स प्लेयर पर किया जाएगा।















