दिवंगत दिग्गज गायिका आशा भोसले की 93वीं जयंती पर उनके आखिरी फीचर-फिल्म गीत 'ऐ मेरी जिंदगी' को रिलीज किया गया है। यह गीत शुमन झा और रघुबीर यादव अभिनीत फिल्म 'ओम का हरि' का हिस्सा है। आशा भोसले ने इस गीत की रिकॉर्डिंग 2023 के आखिर में की थी। गाने के वीडियो में इसकी रिकॉर्डिंग के दौरान की कुछ झलकियां भी दिखाई गई हैं, जो इसे और खास बनाती हैं।

'ऐ मेरी जिंदगी' को राजीव सारंग ने संगीतबद्ध किया है, जबकि इसके बोल प्रदीप शर्मा खुसरो ने लिखे हैं। वीडियो में आशा भोसले खुद गाने से जुड़े अनुभव साझा करती नजर आती हैं। वह बताती हैं कि जब 'ओम का हरि' के निर्माताओं ने उन्हें इस गीत को अपनी आवाज देने का मौका दिया, तो उन्होंने बिना ज्यादा सवाल किए इसे गाने का फैसला कर लिया था।

आशा भोसले की आवाज भारतीय सिनेमा के इतिहास का अहम हिस्सा रही है और ऐसे में उनका यह आखिरी फीचर-फिल्म गीत प्रशंसकों के लिए भावनात्मक रूप से बेहद खास बन गया है। गाने के रिलीज होते ही फैंस इसे आशा ताई को श्रद्धांजलि के तौर पर देख रहे हैं। उनकी जयंती पर सामने आया यह गीत एक बार फिर उनकी सुरीली आवाज की यादों को ताजा कर रहा है।