मूनवॉक से एक्टिंग में कदम रखेंगे एआर रहमान, दिवाली पर होगी रिलीज
मशहूर
संगीतकार और ऑस्कर विजेता एआर रहमान अब अभिनय के क्षेत्र में भी कदम रखने
जा रहे हैं। प्रभुदेवा की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'मूनवॉक' में रहमान एक
खास कैमियो में नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज तारीख का ऐलान कर दिया गया है और
यह दिवाली 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी। रहमान को पहली बार
अभिनय करते देखने को लेकर उनके प्रशंसकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। खास
बात यह है कि फिल्म की रिलीज के साथ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी टक्कर भी देखने को
मिल सकती है।
मनोज एनएस के निर्देशन में बनी 'मूनवॉक' को
बिहाइंडवुड्स प्रोडक्शंस ने प्रोड्यूस किया है। निर्माताओं के मुताबिक,
फिल्म हंसी, संगीत, डांस और पारिवारिक मनोरंजन से भरपूर एक खास सिनेमाई
अनुभव पेश करेगी। फिल्म में एआर रहमान न केवल कैमियो करते नजर आएंगे, बल्कि
उन्होंने इसका संगीत भी तैयार किया है। प्रभुदेवा के साथ योगी बाबू भी अहम
भूमिका में हैं और बताया जा रहा है कि वह फिल्म में 16 अलग-अलग किरदार
निभाते दिखाई देंगे। फिल्म के 'येथु', 'टिंगा' और 'मैकारेना' जैसे गाने
पहले ही रिलीज हो चुके हैं और इन्हें दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया
मिली है। वहीं, रहमान और प्रभुदेवा पर फिल्माया गया 'मयिले' गाना जल्द
रिलीज होने वाला है।
'मूनवॉक' कॉमेडी, संगीत और डांस को एक साथ
पिरोकर दर्शकों के लिए मनोरंजन से भरपूर अनुभव पेश करने की कोशिश करेगी।
दिवाली पर रिलीज होने के कारण फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर रणबीर कपूर की
बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' से टक्कर होने की संभावना है। ऐसे में एक तरफ
जहां रहमान का एक्टिंग डेब्यू चर्चा में है, वहीं दूसरी ओर दिवाली की
छुट्टियों में दोनों फिल्मों के बीच मुकाबला भी दिलचस्प रहने वाला है।















