सफाईकर्मी का शव पेड़ पर लटका मिला
औरैया, उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बेला थाना क्षेत्र
स्थित बरौली गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सफाईकर्मी
का शव बबूल के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान राजेश (30) पुत्र
बबलू के रूप में हुई है। वह सुबह मल्होसी स्थित ग्रामीण बैंक में सफाई
करने के लिए घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा।
शुक्रवार
सुबह करीब छह बजे ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बराहदेवी से
कंधिया जाने वाले कच्चे मार्ग के किनारे बबूल के पेड़ पर राजेश का शव लटका
दिखाई दिया। शव उसके घर से करीब दो किलोमीटर दूर था। उसके गले में रस्सी का
फंदा लगा हुआ था। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस
को दी।
सूचना पर थाना प्रभारी अमर बहादुर सिंह और पूर्वा सुजान
चौकी इंचार्ज संतोष कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने
शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर घटनास्थल की जांच की और परिजनों से घटना के
संबंध में जानकारी ली।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के
लिए चिचौली स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। राजेश की मौत किन
परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट
के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।















