अपहरण की कोशिश में पांच गिरफ्तार
मेदिनीपुर मेदिनीपुर शहर में अपहरण की कोशिश के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। यह घटना गत रात 9.30 बजे करीब पंचुर चक इलाके में हुई। आरोप है कि कुछ लोगों ने एक युवक को जबरन कार में बैठाने की कोशिश की। युवक का नाम पलाश बताया जा रहा है।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि युवक की पहचान फेसबुक के जरिए एक अज्ञात व्यक्ति (पार्थ दास) से हुई थी। उसी व्यक्ति से मिलने के लिए वह वहां गया था, जहां यह घटना हुई। आरोपितो ने पहले उसे कॉलेज मैदान में मिलने के लिए बुलाया था, लेकिन युवक के वहां जाने से मना करने पर बाद में पंचुर चक इलाके में खादिम की दुकान के सामने आने को कहा गया। वहीं उसे जबरन कार में बैठाने की कोशिश की गई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस घटना के पीछे की असली वजह क्या है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
इस घटना के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। शहर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद अधिकांश कैमरे खराब या निष्क्रिय बताए जा रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आम नागरिक कितने सुरक्षित हैं।
हर दिन स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं पढ़ाई और ट्यूशन के लिए शहर में आवाजाही करते हैं। ऐसे में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने अभिभावकों की चिंता भी बढ़ा दी है।















