इम्फाल,  मणिपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने बीते 24 घंटे में राज्य के विभिन्न जिलों में चलाए गए अभियान के दौरान प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के कई सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और लगभग पांच किलोग्राम अफीम भी बरामद की गई।

मणिपुर पुलिस द्वारा दी गयी आज आधिकारिक बयान में बताया गया है कि 30 जून को इंफाल पूर्व जिले के खाबेइसोई क्षेत्र से केवाईकेएल के सक्रिय कैडर सोराइसाम जॉयकुमार उर्फ एटोम्बा (45) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार वह हथियार और गोला-बारूद की ढुलाई में शामिल था। इसी दिन काकचिंग जिले के हियांगलाम क्षेत्र से आरपीएफ/पीएलए के सक्रिय कैडर एलांगबाम राजू सिंह (34) को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस नेें आज बताया है कि बीते 29 जून को इससे पूर्व इंफाल पूर्व जिले के सागोलमांग थाना क्षेत्र के संजेनलोक इलाके में तलाशी अभियान के दौरान एक एके राइफल, एक 9 एमएम पिस्तौल, एक देसी कार्बाइन, 19 हैंड ग्रेनेड, दो ट्यूब लॉन्चर, विभिन्न कैलिबर के कारतूस, डेटोनेटर तथा कई मैगजीन बरामद किए गए।

इसी दिन पूर्व में इंफाल पूर्व जिले के ब्रह्मपुर क्षेत्र में हुए ग्रेनेड हमले की जांच के सिलसिले में पुलिस ने लमलाई थाना क्षेत्र के सावोम्बुंग से प्रेपाक के दो सक्रिय कैडरों तथा एक नाबालिग को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि आरोपितों को उनके हैंडलर ने छह ग्रेनेड उपलब्ध कराए थे, जिनमें से पांच का इस्तेमाल इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम के विभिन्न रिहायशी इलाकों में किया जा चुका था। शेष एक ग्रेनेड और वारदात में प्रयुक्त दो स्कूटर भी बरामद किए गए।

बिष्णुपुर जिले के कुंबी क्षेत्र से केवाईकेएल के दो कथित उगाहीकर्ता कैडर पुखरामबाम बिमोल मैतेई उर्फ इनाओबी (41) और पुखरामबाम रबी सिंह उर्फ खांग (37) को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से एक होंडा एक्टिवा स्कूटर जब्त किया गया।

एक अन्य अभियान में जिरीबाम जिले के लेंगांगपोकपी क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने एक हुंडई आई-20 कार को रोककर राजस्थान निवासी धनराज प्रजापत (46) और बुद्धा राम (44) को गिरफ्तार किया। उनके पास से लगभग पांच किलोग्राम अफीम, 50 हजार रुपये नकद तथा वाहन जब्त किया गया। सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।