किसानों को खेती से जुड़ी तकनीकों की जानकारी के लिए 21 से 23 मार्च के दौरान ग्रीन-टेक कॉनक्लेव
पटना, बिहार के किसानों को बागवानी और उन्नत खेती से जुड़ी नवीनतम तकनीकों की जानकारी मुहैया कराई जाएगी। बिहार में पहली बार ‘बिहार नर्सरी एवं ग्रीन-टेक कॉनक्लेव-2026’ का आयोजन 21 से 23 मार्च के बीच आयोजित होने जा रहा है। यह जानकारी कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने पटना के मीठापुर स्थित कृषि भवन स्थित अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।
रामकृपाल यादव ने गुरुवार को कहा कि नर्सरी के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक अपनाकर अधिक ऊपज प्राप्त करने से संबंधित कई तरीके किसानों को इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी के दौरान बताए जाएंगे। यहां राष्ट्रीय और बिहार पैवेलियन में कृषि को उन्नत बनाने को लेकर हो रहे नए प्रयोगों को बताया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि बिहार की 76 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है। ऐसे में किसानों की आमदनी को लगातार बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। नई तकनीक की मदद से कम लागत में अधिक मुनाफा कमाने के तरीके किसानों को बताए जाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका सपना हर किसी की थाली में बिहार का व्यंजन पहुंचाने का है।
कृषि मंत्री ने कहा कि मखाना विकास बोर्ड का कार्यालय दरभंगा या मुजफ्फरपुर में खोला जाएगा। इसके लिए स्थान चिन्हित किए जा रहे हैं। हालांकि इसका मुख्यालय कहां होगा, यह केंद्र तय करेगा। उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों के अलावा वियतनाम, मलेशिया समेत दूसरे कई देशों में मखाना की काफी मांग है।
मंत्री ने कहा कि बिहार में लीची की उन्नत प्रोसेसिंग इकाई लगाने पर विचार हो रहा है। इसे पीपीपी मोड पर लगाया जाएगा, ताकि लीची की पैकेजिंग सही तरीके से हो सके और इसे लंबे समय तक फ्रेश बनाए रखने में मदद मिले।















