कटिहार,  जिला उर्दू भाषा कोषांग, समाहरणालय कटिहार द्वारा वार्षिक पत्रिका जिला उर्दू नामा के नवीन अंक के प्रकाशन हेतु स्थानीय एवं बाहरी लेखकों, बुद्धिजीवियों और साहित्यकारों से साहित्यिक रचनाएं व आलेख आमंत्रित किए गए हैं। जिलाधिकारी से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद रचनाएं जमा करने की अंतिम तिथि आगामी 5 अक्टूबर निर्धारित की गई है।

प्रमुख विषय व जमा करने का माध्यम:

जिला उर्दू भाषा कोषांग, के प्रभारी पदाधिकारी अनीश कुमार सिन्हा ने बताया कि रचनाएं उर्दू भाषा-साहित्य के इतिहास, वर्तमान परिदृश्य, विकास व प्रसार अथवा कटिहार जिले की सांस्कृतिक, सामाजिक व शैक्षणिक पृष्ठभूमि पर आधारित होनी चाहिए।

रचनाकार अपनी अप्रकाशित रचनाएं इनपेज उर्दू में टाइप कराकर या साफ हस्तलिपि में लिखकर पूरे पते, संपर्क सूत्र और अद्यतन रंगीन फोटो के साथ ई-मेल आईडी पर भेज सकते हैं। इसके अलावा समाहरणालय स्थित उर्दू भाषा कोषांग कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर भी रचना जमा कराई जा सकती है।

नियम व शर्तें:

रचनाओं में किसी देश, राज्य, धर्म, जाति या व्यक्ति विशेष के विरुद्ध कोई आपत्तिजनक या विवादित सामग्री शामिल नहीं होनी चाहिए। केवल चयन समिति द्वारा स्वीकृत अप्रकाशित रचनाएं ही प्रकाशित की जाएंगी। प्रकाशित रचना के बदले कोई मानदेय या पारिश्रमिक देय नहीं होगा।