चर्चित बिल्डर हत्याकांड का खुलासा, आरोपी महिला गिरफ्तार
भागलपुर, जिले के तिलकामांझी थाना क्षेत्र में बिल्डर बजरंग
कुमार हत्याकांड का भागलपुर पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है।
उक्त आशय की जानकारी शुक्रवार को एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने एक प्रेस
वार्ता के दौरान दी।
एसएसपी ने बताया कि वैज्ञानिक अनुसंधान,
सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस
ने महज 12 घंटे के भीतर इस हत्याकांड का उद्भेदन कर लिया। मामले में आगे
की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस मामले में पुलिस ने मृतक की प्रेमिका सीमा
कुमारी को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी ने कहा कि पूछताछ में आरोपी ने
हत्या की बात स्वीकार करते हुए घटना के संबंध में जानकारी दी है। पुलिस ने
आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार समेत कई महत्वपूर्ण सामान
भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार 2 जुलाई को सूचना मिली कि बिल्डर बजरंग
कुमार अपने कार्यालय से घर नहीं लौटे हैं। सूचना पर तिलकामांझी थाना पुलिस
मौके पर पहुंची तो कार्यालय की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में उनका शव मिला।
प्रारंभिक जांच में शरीर पर धारदार हथियार से कई वार के निशान पाए गए।
मामले
की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर एसआईटी
का गठन किया गया। एफएसएल, डॉग स्क्वायड और तकनीकी टीम की मदद से वैज्ञानिक
तरीके से जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल
कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी तथ्यों
का विश्लेषण किया। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस सीमा कुमारी तक पहुंची,
जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
सीमा कुमारी ने बताया कि घटना
वाली रात वह बजरंग कुमार के कार्यालय गई थी। वहां दोनों के बीच शारीरिक
संबंध बने। आरोपी का आरोप है कि इस दौरान उसके साथ क्रूर व्यवहार किया गया,
जिससे वह आक्रोशित हो गई। जब बजरंग कुमार सो गए तो उसने पास में रखे दबिया
से उनके सिर पर वार कर दिया। लेकिन संघर्ष के दौरान आरोपी ने उन पर लगातार
कई वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई।















