भारतीय वायु सेना में अग्निवीर वायु और एयरमैन भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
रांची (RANCHI): एयरमेन चयन केंद्र, वायु सेना स्टेशन बिहटा (पटना) की ओर से भारतीय वायु सेना में अग्निवीर वायु इनटेक 02/2027 एवं एयरमैन (मेडिकल असिस्टेंट) भर्ती की अधिसूचना जारी की गई है। इसके तहत पात्र युवक एवं युवतियां 06 जुलाई 2026 से 26 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिला जनसंपर्क विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को केवल भारतीय वायु सेना की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
20 जुलाई 2026 से 02 अगस्त 2026 तक होगा प्री-रजिस्टर्ड रैली का पंजीकरण
भर्ती प्रक्रिया भारतीय वायु सेना की ओर से निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित की जाएगी। वायु सेना की ओर से जारी सूचना के अनुसार अग्निवीरवायु (म्यूजिशियन) के लिए प्री-रजिस्टर्ड रैली का पंजीकरण 20 जुलाई 2026 से 02 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। संबंधित रैलियों का आयोजन नई दिल्ली एवं बेंगलुरु में 31 अगस्त से 09 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। सभी पात्र युवाओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि के भीतर आवेदन कर भारतीय वायु सेना में सेवा का अवसर प्राप्त करें। भर्ती संबंधी जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य माध्यमों से किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक अभ्यर्थी इसका लाभ उठा सकें। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवेदन के लिए अभ्यर्थी भारतीय वायु सेना की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट का अवलोकन कर सकते हैं।