हमीरपुर के बच्चों ने सीखी रोबोटिक्स
अमेरिका से आए व्योम अग्रवाल ने दिया प्रशिक्षण
हमीरपुर, उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कस्बे में ग्रामीण प्रतिभाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से सृजन एक सोच संस्था ने गुरुवार को जीटीएसई (ग्रामीण टैलेंट सर्च एग्जाम) में चयनित 57 छात्र-छात्राओं के लिए रोबोटिक्स प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया। प्रशिक्षण अमेरिका के टेक्सास स्थित स्कूल में अध्ययनरत व्योम अग्रवाल ने दिया।
व्योम अग्रवाल पिछले कई महीनों से अमेरिका से ऑनलाइन माध्यम के जरिए बच्चों को रोबोटिक्स का प्रशिक्षण दे रहे हैं। भारत आगमन पर उन्होंने विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष रूप से रोबोट तैयार करने, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स के उपयोग तथा रोबोटिक्स की बुनियादी तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।















