आसनसोल,  सेल के आईएसपी (इस्को स्टील प्लांट), बर्नपुर के 107 साल के इतिहास में पहली बार यूनियन की मान्यता को लेकर हुए चुनाव में भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) समर्थित बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ ने शानदार जीत दर्ज की है। 24 सितंबर 2026 को हुए गुप्त मतदान में कुल सात यूनियनों ने चुनाव लड़ा। कर्मचारियों ने भारी उत्साह के साथ मतदान किया और कुल 93.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

चुनाव के आधिकारिक परिणामों की घोषणा गुरुवार रात 12:00 बजे तक हुई। इसके अनुसार आईएसपी में अधिकारियों और कर्मचारियों समेत कुल 4,523 की संख्या है। इनमें 3,514 कर्मचारी मतदाता सूची में शामिल थे। इनमें से 3,291 कर्मचारियों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया, जबकि मतदान प्रतिशत 93.65 प्रतिशत रहा। कुल पड़े मतों में 3,283 वोट वैध पाए गए, जबकि 8 वोट अवैध घोषित किए गए। डाक मतपत्र के जरिए कोई वोट नहीं पड़ा।

मतगणना में बीएमएस समर्थित बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ को सबसे अधिक 2,189 वोट मिले। कुल पड़े 3,291 मतों के आधार पर बीएमएस को 66.51 प्रतिशत वोट हासिल हुए। वहीं वैध मतों के आधार पर बीएमएस का वोट प्रतिशत 66.68 प्रतिशत रहा।

आईएनटीयूसी समर्थित आसनसोल आयरन एंड स्टील वर्कर्स यूनियन को 781 वोट मिले, जो कुल मतदान का 23.73 प्रतिशत है। सीटू समर्थित आसनसोल बर्नपुर एबीके मेटल एंड इंजीनियरिंग वर्कर्स यूनियन को 215 वोट, यानी 6.53 प्रतिशत वोट मिले।

अन्य यूनियनों में एटक को 33 वोट, एचएमएस को 31 वोट, आईएमयू को 17 वोट और एआईयूटीयूसी को भी 17 वोट मिले। इनके वोट प्रतिशत क्रमशः करीब 1.00 प्रतिशत, 0.94 प्रतिशत, 0.52 प्रतिशत और 0.52 प्रतिशत रहे। इसके अलावा 8 वोट अवैध घोषित किए गए।

इस तरह सातों यूनियनों को मिले वैध मतों का कुल आंकड़ा 3,283 रहा और अवैध मतों को मिलाकर कुल मतदान 3,291 रहा। 3,514 पात्र मतदाताओं में से 3,291 कर्मचारियों के मतदान करने से चुनाव में रिकॉर्ड 93.65 प्रतिशत मतदान हुआ।

आईएसपी के 107 वर्षों के इतिहास में पहली बार यूनियन की मान्यता को लेकर हुए इस चुनाव को लेकर कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। सात यूनियनों के मैदान में होने के बावजूद मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। अब चुनाव परिणाम के बाद बीएमएस समर्थित बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ आईएसपी में मान्यता प्राप्त यूनियन के रूप में सामने आया है।