रांची में तेज आंधी-बारिश के बीच स्कूल बस पर गिरा पेड़, बाल-बाल बचे बच्चे
रांची, रांची में पिछले दो दिनों से हो रही तेज बारिश और शुक्रवार को सुबह से चल रही आंधी के कारण जनजीवन प्रभावित है। शुक्रवार सुबह डोरंडा थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी के पास बड़ा हादसा टल गया। बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूल बस पर अचानक पेड़ गिर गया। हादसे में बस का अगला हिस्सा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ, लेकिन चालक की सूझबूझ से बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित बच गए।
डोरंडा के एजी मोड़ के पास तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी के अनुसार, तेज बारिश और हवा के बीच स्कूल बस बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे लगा एक बड़ा पेड़ अचानक बस पर गिर गया। पेड़ को गिरता देख चालक ने तत्काल ब्रेक लगाकर बस रोक दी। इससे बस में सवार बच्चों को चोट नहीं आई।
घटना की सूचना डोरंडा थाना पुलिस और रांची नगर निगम को दी गई। सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और पेड़ को काटकर सड़क से हटाया। इसके बाद रास्ता साफ कर बस को आगे रवाना किया गया। कुछ देर तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन बाद में आवागमन सामान्य हो गया।
डोरंडा थाना प्रभारी ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बस में सवार सभी बच्चे और चालक सुरक्षित हैं।
लगातार बारिश और तेज आंधी से शहर में जनजीवन प्रभावित हुआ है। स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकांश स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं, जिसके कारण बच्चों को खराब मौसम के बावजूद स्कूल जाना पड़ रहा है। बारिश के कारण कई बच्चों के जूते और स्कूल ड्रेस भी भीगकर गंदे हो गए। स्कूल प्रबंधन ने बस चालकों को खराब मौसम में विशेष सावधानी बरतते हुए वाहन चलाने का निर्देश दिया है।














