पुरशुड़ा : अन्नपूर्णा भंडार योजना के समर्थन में महिलाओं ने निकाली की विशाल धन्यवाद रैली
हुगली, अन्नपूर्णा भंडार योजना के लाभ मिलने की खुशी में
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करने के
लिए रविवार को पुरशुड़ा विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं की विशाल धन्यवाद
रैली निकाली गई। रैली तिलकचक से आठघरा तक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या
में महिलाओं ने हिस्सा लिया।
रविवार को हुई इस रैली के दौरान बारिश
के बावजूद महिलाओं का उत्साह देखने लायक रहा। बड़ी संख्या में मातृशक्ति
के सड़क पर उतरने से रैली मार्ग पर जनसमूह उमड़ पड़ा।
इस अवसर पर
पुरशुड़ा के विधायक बिमान घोष ने कहा कि रविवार की रैली ने यह प्रमाणित कर
दिया कि अन्नपूर्णा भंडार योजना को लेकर राज्य की महिलाओं के मन में कोई
संशय नहीं है। उन्होंने कहा कि बारिश के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में
महिलाओं का सड़क पर उतरना योजना के प्रति उनके समर्थन और उत्साह को दर्शाता
है।
विधायक बिमान घोष ने कहा कि महिलाओं ने अन्नपूर्णा भंडार योजना
शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रति धन्यवाद और आभार
व्यक्त किया है। उन्होंने रैली में शामिल सभी महिलाओं का आभार जताते हुए
कहा कि मातृशक्ति का यह उत्साह आने वाले दिनों में सरकार और संगठन के लिए
प्रेरणा का काम करेगा।
आयोजकों के अनुसार, रैली में महिलाओं की
स्वैच्छिक और उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। पूरे रास्ते में महिलाओं की बड़ी
मौजूदगी के कारण माहौल उत्सव जैसा नजर आया।














