बंगाल की खाड़ी में बन सकता है नया निम्न दबाव क्षेत्र, दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
कोलकाता, बंगाल
की खाड़ी में एक बार फिर नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके
प्रभाव से पश्चिम बंगाल के बड़े हिस्से में आंधी-बारिश का दौर जारी रहने
का अनुमान है। मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी से अति
भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कोलकाता में भी बारिश होने की संभावना
है। वहीं, उत्तर बंगाल में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
अलीपुर
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण
बना हुआ है, जो समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसके
प्रभाव से शनिवार को पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटवर्ती क्षेत्रों के पास
नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है।
इसके अलावा, मानसूनी
अक्षरेखा पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार होते हुए पश्चिम
बंगाल में प्रवेश कर चुकी है। यह रेखा बांकुड़ा से दक्षिण की ओर मुड़कर
बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके प्रभाव से दक्षिण बंगाल में अगले कुछ
दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने शनिवार
को कोलकाता, हुगली और उत्तर 24 परगना में भारी बारिश की चेतावनी जारी की
है। हावड़ा और दक्षिण 24 परगना में भारी बारिश का दौर रविवार तक जारी रह
सकता है।
वहीं, पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर में रविवार को
अति भारी बारिश की चेतावनी है। इन इलाकों में 7 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश
हो सकती है।
सोमवार और मंगलवार को झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा
में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। दक्षिण बंगाल के बाकी जिलों में
छिटपुट बारिश हो सकती है, हालांकि फिलहाल वहां भारी बारिश की संभावना कम
है।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार के बाद दक्षिण बंगाल में आंधी-बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होने की संभावना है।
उत्तर बंगाल में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। शनिवार को उत्तर बंगाल के सभी जिलों में छिटपुट बारिश हो सकती है।
रविवार
को जलपाईगुड़ी में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, सोमवार को दार्जिलिंग,
कालिम्पोंग और अलीपुरद्वार में सात से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश हो सकती
है।
शनिवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस
दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक है। शुक्रवार को शहर का
अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम था।















