पश्चिम बंगाल : शुरुआती रुझानों में भाजपा को बढ़त, भवानीपुर में शुभेंदु आगे
कोलकाता,
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों
में कई सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए
हैं। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आ रही शुरुआती जानकारी के अनुसार कई
जगहों पर मुकाबला कड़ा बना हुआ है। ताजा रुझानों के अनुसार भाजपा 121 सीटों
पर आगे चल रही है जबकि तृणमूल कांग्रेस 87 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
कोलकाता की हाई प्रोफाइल भवानीपुर सीट से भी बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा
है। दूसरे राउंड की गिनती के बाद भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधीकारी 1558
वोटों से आगे चल रहे हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी पिछड़
रही हैं।
झाड़ग्राम जिले के गोपीबल्लभपुर विधानसभा क्षेत्र में पहले
राउंड की मतगणना के बाद भाजपा उम्मीदवार राजेश महतो 4373 वोट के साथ आगे
चल रहे हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार अजीत महतो को 2862 वोट मिले
हैं। इस प्रकार भाजपा उम्मीदवार 1511 वोटों से आगे हैं।
वहीं,
मेदिनीपुर विधानसभा सीट पर दूसरे राउंड की गिनती के बाद भाजपा उम्मीदवार
शंकर गुच्छेत 2664 वोटों की बढ़त के साथ आगे बताए जा रहे हैं। इसी तरह
गढ़बेता विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार प्रदीप लोधा करीब 1500 वोटों
से आगे चल रहे हैं।
पश्चिम बर्धमान जिले के औद्योगिक क्षेत्र
दुर्गापुर-आसनसोल की सभी नौ सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों ने
बढ़त बना रखी है। इसी तरह जंगल महल की पश्चिम मेदिनीपुर बांकुड़ा एवं
झारग्राम में भी भारतीय जनता पार्टी तृणमूल से काफी आगे नजर आ रही है।
खड़गपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी तपन भुइंया 2559 वोटों से आगे चल रहे हैं।















