झारखंड में 10 मई तक बारिश और वज्रपात की संभावना को लेकर येलो अलर्ट
रांची (RANCHI): राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में 10 मई तक बारिश के साथ वज्रपात की संभावना है. इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.
सबसे अधिक बारिश बोकारो जिले के तेनुघाट में रिकॉर्ड
विभाग की ओर से सोमवार और मंगलवार को राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन के साथ बारिश के साथ वज्रपात एवं ओलावृष्टि हो सकती है. इसे लेकर विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 38.5 डिग्री डाल्टनगंज में और सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची के कांके में 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. इस दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश बोकारो जिले के तेनुघाट में 22.4 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई.
बता दें कि पिछले लगभग 10 दिनों से राज्य के विभिन्न जिलों में मौसम में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है. किसी जिले में भारी बारिश तो किसी जिले में गर्मी महसूस हो रही है. मौसम विभाग में पूरे मई महीने में इसी प्रकार के मौसम रहने की संभावना जताई है.
टेम्परेचर अपडेट
सोमवार को रांची में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री और न्यूनतम 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 34.9 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 38.5 और न्यूनतम 23.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.5 डिग्री और न्यूनतम 21.2 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया.














