साजिश के तहत फंसाया गया, मजदूरों की लड़ाई जारी रहेगी : किशोर केवट
हुगली, किशोर केवट ने अपनी गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश करार देते
हुए कहा है कि उन्हें सुनियोजित तरीके से फंसाया गया। आईएनटीटीयूसी नेता
और चांपदानी नगरपालिका के पार्षद किशोर केवट शुक्रवार शाम जमानत पर रिहा हो
गए। जेल से बाहर आते ही सैकड़ों समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ उनका
स्वागत किया।
शनिवार सुबह हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में किशोर
केवट ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल के कुछ नेताओं के इशारे पर उनके खिलाफ
कार्रवाई कराई गई। उन्होंने कहा कि वह केवल जूट मिल क्वार्टर में रहने वाले
श्रमिकों के अधिकारों की आवाज उठाने गए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें
गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने कहा, “मैं मजदूरों के हक की लड़ाई लड़
रहा था। उसी कारण मुझे साजिश के तहत फंसाया गया। हालांकि अदालत ने दो दिनों
के भीतर ही मुझे जमानत दे दी, जिससे सच्चाई सामने आ गई है।”
किशोर केवट ने दावा किया कि जूट मिल श्रमिकों के हितों के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
उल्लेखनीय
है कि हाल ही में भद्रेश्वर थाना की पुलिस ने नॉर्थ ब्रुक जूट मिल प्रबंधन
की शिकायत के आधार पर किशोर केवट को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद
इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई थी।















