धनबाद,  धनबाद के लोयाबाद बांसजोड़ा गोलीकांड मामले में जेल में बंद आजसू पार्टी की नेत्री रजनी रवानी से बुधवार को मिलने गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी धनबाद मंडल कारा पहुंचे। इस दौरान उनके साथ पार्टी के कई समर्थक और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद ने धनबाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि झारखंड में कानून व्यवस्था अंग्रेजी शासन जैसी हो गई है। सांसद ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि किसी भी निर्दोष को सजा नहीं मिलनी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के नेताओं को झूठे मुकदमों में फंसाया गया है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच कर निर्दोषों को राहत नहीं दी गई तो आजसू पार्टी उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।