संदेशखाली भूमि कब्जा और लूटपाट मामले में शेख शाहजहां को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत
उत्तर 24 परगना, जिले के संदेशखाली में अवैध भूमि कब्जा और लूटपाट से जुड़े दो मामलों में जेल में बंद शेख शाहजहां को नजाट थाने की पुलिस ने “शोन अरेस्ट” किया है। गुरुवार को उन्हें बसिरहाट महकमा अदालत में पेश किया गया। इस घटनाक्रम के बाद जिले के राजनीतिक हलकों में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, संदेशखाली एक नंबर ब्लॉक में अवैध जमीन कब्जाने और लूटपाट के आरोपों को लेकर नजाट थाने में शेख शाहजहां के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसी शिकायत के आधार पर 89 नंबर और 59 नंबर के दो मामलों में उन्हें गिरफ्तार दिखाया गया।
शेख शाहजहां के अधिवक्ता राजा भौमिक ने बताया कि उनका मुवक्किल पहले से ही न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है। इन दोनों मामलों में शोन अरेस्ट किए जाने के बाद गुरुवार को उन्हें बसिरहाट महकमा अदालत में पेश किया गया। हालांकि मामले की केस डायरी अदालत में प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण न्यायाधीश ने उन्हें फिर से 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।
उल्लेखनीय है कि संदेशखाली से जुड़े कई अन्य मामलों में शेख शाहजहां पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अब इन दो नए मामलों में गिरफ्तारी दिखाए जाने के बाद उनकी कानूनी मुश्किलें और बढ़ती नजर आ रही हैं।















