खड़गपुर,  रेलवे आरक्षण टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रूपसा और उलुबेरिया रेलवे स्टेशनों पर कार्रवाई करते हुए बुधवार को दो दलालों को गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरपीएफ की टीम ने रूपसा रेलवे स्टेशन स्थित यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) काउंटर पर छापेमारी कर दिवाकर दास (22)को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 16 हजार 360 रुपये मूल्य के दो रेल आरक्षण टिकट, एक खाली प्रपत्र और 420 रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में उसने अतिरिक्त रुपये लेकर यात्रियों को टिकट बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद आरोपित को अदालत में पेश किया गया।

इसी क्रम में उलुबेरिया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने 36 वर्षीय रबी घोष को पकड़ा। उसके पास से 13 हजार 255 रुपये मूल्य के तीन आरक्षण टिकट और 200 रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान उसने भी यात्रियों से अधिक रुपये लेकर आरक्षण टिकट उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की।

आरपीएफ ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।