कोलकाता,  पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि मतगणना प्रक्रिया में गड़बड़ी की जा रही है और उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की जरूरत है।

ममता बनर्जी ने सभी काउंटिंग एजेंटों से अपील की कि वे किसी भी हालत में मतगणना केंद्र छोड़कर न जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह एक सुनियोजित साजिश हो सकती है, जिसमें शुरुआती राउंड में एक पक्ष को आगे दिखाया जाता है और बाद में गणना को रोक दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर दो-तीन राउंड के बाद काउंटिंग रोकने की शिकायतें सामने आई हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि कुछ मशीनों में गड़बड़ी पाई गई है, जिनका आंकड़ों से मेल नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और केंद्रीय बलों की मौजूदगी में तृणमूल कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाया जा रहा है और कई जगह पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई हैं।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अभी भी 70 से 100 सीटों पर आगे चल रही है और मीडिया के जरिए गलत जानकारी फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। ममता बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि पहले जो सूचनाएं अलग एजेंसियों से मिलती थीं, अब चुनाव आयोग ने पूरी कमान अपने हाथ में ले ली है।

अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने और अंत तक मतगणना प्रक्रिया पर नजर रखने की अपील की। उन्होंने भरोसा जताया कि अंतिम राउंड तक तस्वीर साफ हो जाएगी और उनकी पार्टी जीत दर्ज करेगी।