कोलकाता,  पश्चिम बंगाल में चल रहे विधानसभा चुनाव के दौरान “गंभीर कदाचार और निष्पक्षता बनाए रखने में विफलता” के आरोप में चुनाव आयोग ने पांच पुलिस अधिकारियों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। आयोग ने इन अधिकारियों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया है।

जिन पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया गया है, उनमें संदीप गराई (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (डायमंड हार्बर), सजल मंडल, एसडीपीओ (डायमंड हार्बर), मौसम चक्रवर्ती, इंस्पेक्टर-इन-चार्ज (डायमंड हार्बर थाना), अजय बाग, इंस्पेक्टर-इन-चार्ज (फलता थाना) और शुभेच्छा बाग, ऑफिसर-इन-चार्ज (उस्ती थाना) शामिल हैं।

चुनाव आयोग ने यह भी कहा है कि आईपीएस अधिकारी संदीप गराई के मामले में उनकी कैडर नियंत्रक प्राधिकरण, यानी केंद्रीय गृह मंत्रालय को एक विस्तृत रिपोर्ट भेजी जाएगी।

इसके अलावा, चुनाव जैसे संवेदनशील समय में अपने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों के बीच अनुशासन और निष्पक्षता सुनिश्चित करने में विफल रहने के कारण डायमंड हार्बर की पुलिस अधीक्षक ईशानी पाल को भी आयोग की ओर से कड़ी चेतावनी दी गई है।